जर्मन मॉडल लिजलाज (Lizlaj) की एक फोटो पर कथित “लाइक” को लेकर भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। शुक्रवार को लिजलाज ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस पूरे विवाद की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली।

दरअसल, उन्होंने बताया, “सुबह उठते ही देखा कि मैं खबरों में हूं। मुझे पता ही नहीं था कि विराट ने कब फोटो लाइक की। लोगों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म से खबरें भेजीं और काफी मैसेज भी आए।” लिजलाज ने यह भी साझा किया कि भारत यात्रा के दौरान ही उनकी क्रिकेट में दिलचस्पी बढ़ी। जब वह पहली बार भारत आईं और कई महीनों तक यहां रहीं, तब उन्होंने साउथ इंडिया, गोवा, मैसूर, कुर्ग, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद जैसी जगहों का दौरा किया। इसी दौरान उन्होंने आईपीएल देखना शुरू किया और बेंगलुरु में अपने दोस्तों के साथ मैच देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की फैन बन गईं। वहीं उन्होंने विराट कोहली को खेलते देखा और उन्हें पसंद करने लगीं। बाद में जब कथित तौर पर वह लाइक हटा दिया गया, तो लिजलाज ने कहा, “मुझे उनके लिए थोड़ा बुरा लगा। मुझे अच्छा लगा था कि उन्होंने लाइक किया, लेकिन यह इतना बड़ा मुद्दा कैसे बन गया, समझ नहीं आया। शायद उनका ऐसा इरादा नहीं था, फिर भी मैं उनके सपोर्ट की सराहना करती हूं।”

लिजलाज का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उन्हें कई नए काम के ऑफर मिले हैं। हालांकि, वह फिलहाल सोच-समझकर ही कोई फैसला लेना चाहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह म्यूजिक और व्लॉगिंग पर फोकस कर रही हैं और अगर भारत में अच्छे मौके मिलते हैं, तो फिर से यहां आने पर विचार करेंगी। गौरतलब है कि इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब फोटोग्राफर अद्वैत वैद्य ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दावा किया कि विराट के ऑफिशियल अकाउंट से लिजलाज की एक पुरानी फोटो लाइक की गई थी। सोशल मीडिया पर यह स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हुआ और यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह लाइक वाकई किया गया था या फिर किसी तकनीकी या एल्गोरिदम की गलती थी। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि मई 2025 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब विराट कोहली के अकाउंट से एक्ट्रेस अवनीत कौर की फोटो लाइक होने की खबर आई थी। उस समय कोहली ने सफाई देते हुए कहा था कि फीड क्लियर करते वक्त एल्गोरिदम की वजह से अनजाने में ऐसा इंटरैक्शन दर्ज हो गया होगा और इसमें उनका कोई इरादा नहीं था।