सिटी पोस्ट लाइव : मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह बुधवार को अपने पैतृक गांव नदवां पहुंचे. अनंत सिंह अपने बड़े भाई बिरंची सिंह के बेटे राजेश सिंह की पोती की शादी में शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल पर आए हैं.इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘उम्मीद है कि 10 से 20 दिनों में जेल से बाहर आ जाएंगे. लोअर कोर्ट में बेल रिजेक्ट होने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की है.अनंत सिंह मोकामा शूटआउट के बाद 24 जनवरी से पटना के बेऊर जेल में बंद हैं.
22 जनवरी बुधवार की शाम पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे. वहां गैंगस्टर सोनू-मोनू और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच फायरिंग हुई थी. फायरिंग का एक वीडियो भी वायरल हुआ था. इसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया था. पुलिस कर्मियों से धक्का मुक्की करने, गाली गलौज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप अनंत सिंह पर लगा है.
जेल जाने से पहले अनंत सिंह ने कहा था कि ‘जनता पर जुल्म होगा तो वो चुप नहीं रहेंगे. वो जेल जाने से डरते नहीं हैं.मोकामा गोलीबारी केस में पुलिस ने 24 जनवरी को गैंगस्टर सोनू और अनंत सिंह के समर्थक रौशन को गिरफ्तार किया था. इसके कुछ देर बाद पूर्व विधायक ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया था. कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया था.