सिटी पोस्ट लाइव : रामविलास पासवान के निधन के बहुत दिन बाद आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यालय में होली का चटख रंग दिखा.बुधवार को आयोजित होली मिलन समारोह में अपने समर्थकों के साथ चिराग पासवान ने जमकर होली खेली. उन्होंने कहा कि इस बार होली के रंग बिहार में नया इतिहास लिखने जा रहे हैं.यह तो खुशियों के रंगों की बस शुरुआत भर है, असली होली तो नवंबर के महीने में होगी, जब बिहार में एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनेगी.
इस मौके पर पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक अंदाज में रंग-गुलाल उड़ाए गए और एक-दूसरे को होली की बधाइयां दी गईं. खुद प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी चिराग पासवान के साथ मंच पर ढोल बजाते नजर आये.चिराग ने कहा कि उनके पिता के जमाने में जिस तरह से होली होती थी, वैसी होली इसबार हो रही है.पार्टी अपने पुराने फॉर्म में आ चुकी है.अगले विधान सभा चुनाव के बाद NDA की बननेवाली सरकार में पार्टी की अहम् भूमिका होगी.
होली मिलन समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का भारी उत्साह देखने को मिला. नेता-कार्यकर्त्ता एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दे रहे थे. मंच पर चिराग पासवान के आते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और पूरे माहौल को जोशीला बना दिया.चिराग पासवान ने सभी बिहारवासियों को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है. उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि वे मिल-जुलकर इस पर्व को मनाएं और प्रदेश की तरक्की के लिए एकजुट रहें