तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में आज इंडिया गठबंधन की चौथी बैठक, 60 सीटों पर अड़े सहनी.

Rahul
By Rahul

– INDIA ALLIANCE MEETING

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में इंडिया गठबंधन की आज चौथी बैठक होने वाली है. इंडिया गठबंधन के को-ऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक होगी. इस बैठक में सभी उपसमितियों के सदस्य भी मौजूद रहेंगे.  बैठक तेजस्वी यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड पर बुलाई गई है.बिहार विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन की यह चौथी बैठक होगी. इस बैठक में इंडिया गठबंधन में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के शामिल होने को लेकर भी चर्चा हो सकती है.

इंडिया गठबंधन की चौथी बैठक में गठबंधन का जिला स्तर पर कैसे प्रचार प्रसार हो, सोशल एवं डिजिटल मीडिया पर कैसे गठबंधन की बातों को प्रसारित किया जाए इन तमाम बिंदुओं पर चर्चा होगी. इंडिया गठबंधन की पहली बैठक 17 अप्रैल को राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में हुई थी. तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गठबंधन के सभी 6 घटक दालों के प्रदेश के बड़े नेता शामिल हुए थे. इस बैठक में सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को गठबंधन के कोऑर्डिनेशन कमिटी का अध्यक्ष चुना गया था . इंडिया गठबंधन की दूसरी बैठक 24 अप्रैल को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में हुई. 2 बजे से बैठक बुलाई गई थी लेकिन तेजस्वी यादव 3 बजे बैठक में शामिल हुए. इस बैठक में इंडिया गठबंधन में 21 सदस्य बनाने का फैसला किया गया. इसके अलावा जिला स्तर पर कैसे सभी 6 घटक दलों के बीच संबंध बैठे इसको लेकर चर्चा हुई थी..

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

 मुकेश सहनी ने बताया कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व कौन करेगा इस बात पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है. हालांकि आरजेडी, मुकेश सहनी की पार्टी VIP और वाम दलों के तरफ से तेजस्वी के नाम पर सहमति बन गई है. लेकिन कांग्रेस के तरफ से अभी तक तेजस्वी के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कई बार स्पष्ट कर दिया है कि समय आने पर नाम की घोषणा होगी. सचिन पायलट ने तो यहां तक कह दिया था कि मुख्यमंत्री का चयन विधायक दल की बैठक में किया जाता है. समय आने पर इंडिया गठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा यह स्पष्ट हो जाएगा.

मुकेश सहनी भी विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर चुके हैं इसके अलावा उपमुख्यमंत्री का पद भी मांग रहे हैं. वामपंथी दलों के तीनों घटक दल हालांकि अभी तक सीटों को लेकर कोई दावेदारी नहीं कर रहे हैं. लेकिन अभी भी इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय नहीं हो पाया है.बिहार के सभी घटक दल के प्रमुख नेता भले ही चौथी बैठक या इसके बाद भी बैठक कर लें लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम मुहर लालू, तेजस्वी और राहुल गांधी ही लगाएंगे. जहां तक मुख्यमंत्री के चेहरे का सवाल है तो यह स्पष्ट है कि इंडिया गठबंधन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी. इंडिया गठबंधन में सबसे ज्यादा यदि मजबूत जनाधार किसी का है तो वह आरजेडी का है.

Share This Article