Bihar Congress :
सिटी पोस्ट लाइव : स्वतंत्रता सेनानी पूर्व मंत्री स्व. जगलाल चौधरी के पोता विनोद चौधरी आज सदाकत आश्रम में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये.उनकी अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनको पार्टी की सदस्यता दिलाने के लिए बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ,सचिव प्रभारी सुशील पासी और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मौजूद थे.हाल में उन्होंने जगलाल चौधरी की जयंती पटना के एस.के.मेमोरियल में मनाई थी जिसमे शामिल होने के लिए खुद राहुल गांधी पहुँच गये थे.
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में दलित सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार चौधरी ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू व प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के मौजूदगी में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस का हाथ थाम लिया. बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, अध्यक्ष राजेश कुमार, सह प्रभारी सुशील पासी ने उन्हें सदस्यता पर्ची दी.
सदस्यता ग्रहण कराने के बाद बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि मजबूत कांग्रेस मजबूत इंडिया हमारा नारा है और सभी वर्गों को साथ लेकर वंचित समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की कवायद हमारे नेता राहुल गांधी के निर्देशन में चल रहा है. विनोद चौधरी और उनके समर्थकों के आने से समाजिक न्याय की लड़ाई को बल मिलेगा.प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि विनोद चौधरी कांग्रेस परिवार के सदस्य रहें हैं और आज उन्होंने विधिवत सदस्यता ग्रहण की है. उनके आगमन से बिहार कांग्रेस में वंचित समुदाय की हिस्सेदारी बढ़ेगी.
पार्टी में शामिल होने के बाद विनोद चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो दलितों और पिछड़ों के हक की बात राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर तक उठाती है. राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने लगातार अनुसूचित जाति और जनजातियों के साथ वंचित वर्ग के हक में लड़ाई लड़ी है और देश के मुख्यधारा में लाने का काम कर रही है. कांग्रेस पार्टी में आकर मुझे अपने घर जैसा महसूस हुआ, आजादी के लड़ाई में हमारे परिवार ने अपना त्याग और बलिदान दिया है, पार्टी से जुड़कर मुझे बेहद प्रसन्नता हुई. मैं राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के हाथों को हमेशा मजबूत करने का काम करूंगा.