सिटी पोस्ट लाइव :चुनाव से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. चन्द्रशेखर सिंह की जगह अनिमेष कुमार परासर को पटना का नया कमिश्नर बनाया गया है.चन्द्रशेखर सिंह को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक मुख्यमंत्री सचिवालय का सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है. यह नियुक्ति बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के तहत की गई है, जिसमें परासर पटना कमिश्नर के साथ-साथ बिहार राज्य निर्माण विकास निर्माण निगम (बुडको) के प्रबंध निदेशक (एमडी) के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे.
इसके अलावा कई अन्य आईएएस अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया गया है.सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हिमांशु शर्मा और शीर्षत कपिल अशोक को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आदेश के अनुसार, हिमांशु शर्मा, जो वर्तमान में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बिहार ग्रामीण जीवकोपार्जन (जीविका) प्रोत्साहन सोसाइटी-सह-राज्य मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण जीवकोपार्जन-सह-आयुक्त (स्व-रोजगार), ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अगले आदेश तक विशेष सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. इसके अलावा वे विशेष कार्य पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना की जिम्मेदारी भी संभालेंगे.
2011 बैच के ही आईएएस अधिकारी शीर्षत कपिल अशोक, जो प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य पथ विकास निगम, पटना के साथ-साथ विशेष सचिव, पथ निर्माण विभाग, बिहार, अध्यक्ष, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड / विशेष कार्य पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी देख रहे थे, उन्हें अब प्रबंध निदेशक, कम्फेड, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.