सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के सीएम और जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार होली से पहले जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो सकते हैं। निशांत कुमार को जदयू में नंबर दो की भूमिका दी जा सकती है। उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष या उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने ऐसे संकेत दिए हैं कि होली के पहले निशांत कुमार जदयू में शामिल हो जाएंगे।
बता दें कि निशांत कुमार पिता नीतीश कुमार की तरह ही इंजीनियर हैं। उन्होंने बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। निशांत सॉफ़्टवेयर इंजीनियर हैं। निशांत कुमार बहुत ही लो प्रोफ़ाइल रहते हैं और सत्ता की चकाचौंध से दूर रहते हैं।
नीतीश कुमार जदयू के सर्वमान्य नेता हैं। हालांकि, पार्टी में नंबर दो कौन होगा, इसे लेकर जदयू में सहमति नहीं बन पाती। जब प्रशांत किशोर को जदयू का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था, तब ऐसी चर्चा चली थी कि प्रशांत किशोर नंबर दो होंगे, लेकिन प्रशांत किशोर के नाम पर भी एक राय नहीं बन पाई और उन्हें जदयू से जाना पड़ा।
हाल ही में, ऐसी चर्चा उठी कि पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा जदूय में नंबर दो होंगे और नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी होंगे, लेकिन बाद में जदयू नेताओं ने उन्हें भी किनारे लगा दिया। ऐसे में जदयू के वरिष्ठ नेताओं को यह लगने लगा है कि निशांत कुमार के अलावा किसी दूसरे नाम पर पार्टी के नेताओं में सर्वसम्मति बनाना मुश्किल है। निशांत कुमार की उम्र 49 वर्ष है और अब उन्हें राजनीति में आने के लिए परिपक्व माना जा रहा है। कुछ ही दिनों पहले, निशांत कुमार ने बख्तियारपुर में बिहार के लोगों से यह आह्वान किया था कि बिहार के लोग उनके पिता नीतीश कुमार के कामों को यादकर उन्हें फिर से बिहार का सीएम बनाएं।