सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में हवा में नमी होने के कारण मौसम बदल रहा है.रविवार को बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहाना बना रहा.तेज हवा के साथ बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक आंधी-पानी की वजह से मौसम सुहाना बना रहेगा.मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है.
किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में 30-40 किमी प्रतिघंटा एवं पूर्वी भागों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया है.अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिसंख्य भागों में आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की है. गया जिले के डोभी में सर्वाधिक वर्षा 48.8 मिमी दर्ज की गई. रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 40.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
औरंगाबाद के मदनपुर में 25.2 मिमी, बांका के बौसी में 25.2 मिमी, कटोरिया में 18.6 मिमी, गया के मोहनपुर में 18.2 मिमी, जमुई के चकाई में 12.8 मिमी, किशनगंज के दिघलबैंक में 12.4 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 8.6 मिमी, किशनगंज के बहादुरगंज में 7.4 मिमी, बांका में 6.8 मिमी, गया के आमस में 5.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है.