Bihar BJP Meeting:
सिटी पोस्ट लाइव : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को और धार देने के लिए 2 जुलाई को पटना के ज्ञान भवन में एक महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई है. यह बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम तक चलेगी. इसका उद्घाटन और अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे.बैठक में BJP के करीब 900 से अधिक प्रमुख नेता, विधायक, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भाग लेंगे.
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में बिहार के लिए किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा होगी. इस दौरान एक प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दी गई योजनाओं और परियोजनाओं का उल्लेख होगा.इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जुड़े राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए जा सकते हैं. इस बैठक में राजनाथ सिंह बीजेपी नेताओं को जीत का मंत्र देंगे. साथ ही चुनाव में किन मुद्दों पर फोकस रहेगा, इसको लेकर भी चर्चा की जाएगी.
इस अहम बैठक में बिहार में बूथ सशक्तिकरण को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी. इसके साथ ही एनडीए के सहयोगियों के साथ कैसे बेहतर तालमेल कैसे किया इसको लेकर भी चर्चा की जाएगी. बैठक में बिहार में BJP की चुनावी रणनीति, सीट बंटवारे और जनता तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के तरीकों पर विचार होगा.
विपक्षी दलों, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस के गठबंधन, ने सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों को उठाकर जनता को लुभाने की कोशिश की है. इसके जवाब में BJP अपनी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति को और मजबूती से पेश करने की योजना बना रही है. राजनाथ सिंह के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में कार्यकर्ताओं को बिहार में NDA की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.