सिटी पोस्ट लाइव
बीते मंगलवार को ईडी ने आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई हॉस्पिटल कंस्ट्रक्शन स्कैम में किया गया। वहीं, अब इस मामले पर सौरभ भारद्वाज ने चुप्पी तोड़ी है।
दरअसल, बीते मंगलवार को आप नेता और दिल्ली के पूर्व हेल्थ मिनिस्टर सौरभ भारद्वाज के घर सहित 13 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। उन पर अस्पतालों के निर्माण से जुड़े कथित घोटाले के मामले में कार्रवाई की गई। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के तमाम नेता ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। और बीते गुरूवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट भी शेयर किया है। एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- “धन्यवाद। मेरा वॉट्सऐप नहीं चल रहा है और मेरा फोन ईडी वाले ले गए हैं, इसलिए ट्विटर(अब एक्स) के माध्यम से उन सभी का धन्यवाद कर रहा हूं जो मेरे घर के बाहर रात 2:30 बजे तक डटे रहे। एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (एएसएपी), महिला विंग, मेन विंग, यूथ विंग, विधायक, पूर्व विधायक और प्रत्याशी, पार्षद, हमारे नेता और सभी नौजवान से लेकर बुजुर्ग कार्यकर्ता – सबका दिल से धन्यवाद।” आगे लिखा कि “मेरी पार्टी की बहनें रात तक रुकी रहीं, पूरे दिन बारिश में भीगती रहीं, आपका बहुत आभार। रात 2 बजे तक पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह आदि सभी जागे रहे। सभी बार-बार फोन पर पता करते रहे, इससे ज्यादा हमारे परिवार को कुछ नहीं चाहिए। सोशल मीडिया पर हमारे दोस्त केंद्र से लोहा लेते रहे, मन खुश हो गया। आपके आने से मुझे और मेरे परिवार को बहुत ताकत मिली है।”
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद से आप के कई नेता ने जमकर हमला बोला है। वहीं, इस मामले पर पार्टी के नेताओं का कहना है कि विपक्ष के नेताओं को परेशान करने और उन्हें डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दूसरी तरफ केंद्र सरकार का कहना है कि ईडी अपनी काम स्वतंत्र तरीके से काम कर रही है।