बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता को लेकर चर्चा में हैं। रहमान डकैत के किरदार में उनके दमदार डायलॉग्स, अलग अंदाज और डांस स्टेप्स को दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है। दुनियाभर में करीब 600 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी इस फिल्म की सफलता के बीच अक्षय खन्ना ने अपने अलीबाग स्थित घर में वास्तु शांति हवन कराया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौर करने वाली बात यह है कि फिल्म की बड़ी कामयाबी के बावजूद अक्षय खन्ना लाइमलाइट से दूर रहना पसंद कर रहे हैं। वह इन दिनों अलीबाग स्थित अपने घर पर सुकून भरे पल गुजार रहे हैं। इसी दौरान उनके घर में कराए गए वास्तु शांति हवन का वीडियो सामने आया है, जिसे पुजारी शिवम म्हात्रे ने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो शेयर करते हुए म्हात्रे ने उनकी सादगी और व्यवहार की खुलकर सराहना की। और लिखा कि- “अक्षय खन्ना एक्टिंग में क्लास की पहचान हैं। छावा, धुरंधर, दृश्यम 2 और सेक्शन 375 जैसी फिल्मों में उनकी परफॉर्मेंस शानदार रही है। वह अपने किरदार सोच-समझकर चुनते हैं और हर फिल्म में दमदार अभिनय करते हैं। इसी वजह से अक्षय खन्ना दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं।”

गौरतलब है कि धुरंधर एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश पंडोर ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं। 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। वहीं, दर्शकों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए धुरंधर का सीक्वल 19 मार्च 2026 को रिलीज किए जाने की घोषणा की गई है।