सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहारवासियों को एक और बड़ा तोहफा देते हुए पाटलिपुत्र से गोरखपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की। यह अत्याधुनिक ट्रेन सेवा न केवल यात्रा को आरामदायक बनाएगी, बल्कि यात्रियों का कीमती समय भी बचाएगी, जिससे लोग एक दिन में गोरखपुर जाकर काम निपटाकर वापस लौट सकते हैं।
नई वंदे भारत ट्रेन पाटलिपुत्र जंक्शन से चलकर सीधे गोरखपुर जाएगी और फिर वहीं से वापसी करेगी। यह ट्रेन बिहार को मिलने वाली पांचवीं वंदे भारत सेवा है, जो राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
पाटलिपुत्र जंक्शन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में इस नई ट्रेन को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने कहा कि इससे आवागमन आसान होगा और इससे यह साफ जाहिर होता है कि बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन को लेकर जगह-जगह उत्सव का माहौल देखा गया, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर रेलवे अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
हमारे संवाददाता मरगूब आलम ने पाटलिपुत्र जंक्शन से जानकारी देते हुए बताया कि यह नई ट्रेन सेवा बिहार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इससे व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में लोगों को त्वरित सुविधा मिलेगी। इस नई शुरुआत के साथ बिहारवासियों को अब रेल सफर में भी आधुनिकता और रफ्तार का अनुभव मिलेगा।