आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस के अलावा कई प्रमुख पार्टी के साथ कल चुनाव आयोग अहम बैठक करेंगी। इसका समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है।
आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग आरजेडी, कांग्रेस सहित अन्य प्रमुख पार्टियों संग कल यानी 4 अक्टूबर को अहम बैठक करेगी। बता दें, यह बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग लगातार सक्रिय है। बीते बुधवार (1 अक्टूबर, 2025) को वरीय उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस बैठक में बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी कुंदन कृष्णन भी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने की तैयारियों का जायजा लेना था। चर्चा के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया, जिसमें मतदाता सूची के प्रकाशन, मतदान केंद्रों पर सुविधाओं की उपलब्धता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति, ईवीएम और वीवीपैट की व्यवस्था और मतदाता सहभागिता बढ़ाने के उपाय शामिल थे।
इसके साथ विधि-व्यवस्था की तैयारी पर भी विशेष जोर दिया गया। उप निर्वाचन आयुक्त ने अर्धसैनिक बलों की तैनाती, आर्म्स रिकवरी, अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी, शराब की जब्ती और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य पुलिस नोडल अधिकारी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी साझा की और भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहेगी।
मतदान केंद्रों की सुविधाओं पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि सभी केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय और रैम्प जैसी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हों। साथ ही, 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट सुविधा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।