सिटी पोस्ट लाइव
शेखपुरा /पटना : शेखपुरा जिले में 192 पदों पर होमगार्ड की बहाली को लेकर शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा 5 मई से 15 मई तक चलेगी और इसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए गए हैं।
डीएम आरिफ अहसन और एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने चेवाड़ा नगर पंचायत के आज़ाद मैदान का निरीक्षण किया, जहाँ यह फिजिकल परीक्षा आयोजित की जा रही है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों को कदाचार मुक्त और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और वीडियोग्राफी कराए जाने का भी निर्देश दिया गया है।
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत कुल 9,270 अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया है। इन सभी का शारीरिक परीक्षण निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा। परीक्षा के दौरान पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
इस बीच, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने बहाली प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं जो अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहे हैं और मैरिट लिस्ट में नाम दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने डीएम और एसपी से इसकी सघन निगरानी और जांच की मांग की है।
इमाम गजाली ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं और किसी भी तरह की पैरवी के बजाय अपनी योग्यता पर भरोसा रखें।