बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पहले चरण के नामांकन खत्म होने के दूसरे दिन राजद ने अपनी पहली ऑफिशियल लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 52 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह शुरुआती सूची है और जल्द ही बाकी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम भी घोषित किए जाएंगे। बता दें, वैशाली जिले की राघोपुर सीट से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं, जिससे आरजेडी का कैंप उत्साहित है।
राजद की पहली उम्मीदवार सूची जातीय संतुलन और राजनीतिक संदेश दोनों बनाई हुई है। वहीं, 52 नामों में 22 यादव और 3 मुस्लिम उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि भूमिहार और ब्राह्मण समाज से 3 प्रत्याशियों को टिकट मिला है। वहीं, वैशाली जिले की हॉट सीट राघोपुर से तेजस्वी यादव मैदान में हैं, जहां उनका सीधा मुकाबला बीजेपी के सतीश यादव से होगा -वही सतीश यादव जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को इसी सीट पर हराया था।
पहले फेज का नामांकन समाप्त हो चुका है, लेकिन दूसरे फेज के लिए सिर्फ दो दिन बचे हैं और महागठबंधन में खटास बढ़ती ही जा रही है। RJD और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की तय 10 सीटों पर RJD और उसके लेफ्ट पार्टनर ने प्रत्याशी खड़े कर दिए हैं, जिससे कांग्रेस के अंदरूनी घेरे में नाराजगी बढ़ गई है। वहीं, JMM ने अब गठबंधन से अलग राह चुनते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इस बार झारखंड की छह सीटों (धमदाहा, चकाई, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती) से अपने प्रत्याशी उतारेगी।