बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान, कई मंत्रियों की साख दांव पर

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार अभियान रविवार शाम थम गया। अब 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार, 12 नवंबर को मतदान होगा। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 करोड़ 95 लाख 44 हजार 041 पुरुष, 1 करोड़ 74 लाख 68 हजार 572 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

दूसरे चरण में कुल 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष और 136 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। मतदान के लिए 45,399 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी क्षेत्र में हैं। इनमें से 595 बूथों का संचालन महिलाओं द्वारा और 91 बूथों का संचालन दिव्यांग कर्मियों द्वारा किया जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में मतदान का समय कम रखा गया है। उदाहरण के तौर पर, इमामगंज में सात बूथों पर मतदान दोपहर 3 बजे तक, 354 बूथों पर 4 बजे तक होगा। वहीं बोधगया, रजौली, सिकंदरा, जमुई और चकाई की सभी बूथों पर मतदान शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।

सबसे कम मतदाता मखदुमपुर (2,47,574) में हैं, जबकि सबसे अधिक हिसुआ (3,67,667) विधानसभा क्षेत्र में हैं। वहीं, सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र भागलपुर (23.887 वर्ग किमी) और सबसे बड़ा चैनपुर (1814.15 वर्ग किमी) है।

इस चरण में कई दिग्गज नेता अपनी राजनीतिक साख दांव पर लगाए हुए हैं। एनडीए की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), लेशी सिंह (धमदाहा), प्रेम कुमार (गया टाउन), जयंत राज (अमरपुर), सुमित कुमार सिंह (चकाई), नीरज बबलू (छातापुर), शीला मंडल (फुलपरास) और कृष्णनंदन पासवान (हरसिद्धि) जैसे नाम मैदान में हैं।

वहीं महागठबंधन की ओर से वरिष्ठ राजद नेता उदय नारायण चौधरी (सिकंदरा), कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम (कुटुंबा), कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान (कदवा, कटिहार) और भाकपा (माले) के नेता महबूब आलम चुनावी मैदान में हैं। प्रशासन ने मतदान के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा है। मतदान केंद्रों पर मेडिकल टीम, बिजली, पानी और सुरक्षा बलों की विशेष व्यवस्था की गई है।

Share This Article