सिटी पोस्ट लाइव
केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने आज सीतामढ़ी में मां सीता की मंदिर के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कदम है और यह दर्शाता है कि बिहार में लगातार विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला, तो केंद्र सरकार ने विभिन्न तरीकों से राज्य को सहायता देना शुरू कर दिया, जो कि विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
जीतन राम मांझी ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ऐसे आरोप लगाने के बजाय उन्हें साबित करना चाहिए। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ने खुद कहा है कि हलफनामा देकर अपने आरोपों को साबित करें।” मांझी ने कहा कि राहुल गांधी की चिंताएं निराधार हैं।
एनडीए की आगामी रणनीति के बारे में पूछे जाने पर मांझी ने बताया कि उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर बैठक हुई थी। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को उम्मीदवार चुनने के लिए अधिकृत कर दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोकसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है।
राहुल गांधी के इस आरोप पर कि दलितों और महादलितों के वोट काटे जा रहे हैं, मांझी ने कहा कि उन्हें इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी दलितों के हितेषी नहीं हैं, बल्कि हमारे प्रधानमंत्री और हम लोग दलितों के सच्चे हितेषी हैं।” इस तरह मांझी ने खुलकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।