मैथिली ठाकुर और नीतीश कुमार के बेटे निशांत का Deepfake बनाना पड़ा भारी, बिहार पुलिस ने आरोपी को दबोचा!..

Ritu Raj

बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए जानी-मानी हस्तियों को बदनाम करने की कोशिश करने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने लोक गायिका व विधायक मैथिली ठाकुर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की डीपफेक (छेड़छाड़ की गई) तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल की थीं।

क्या है पूरा मामला?
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के ‘शब्दों’ गांव निवासी विकास कुमार यादव (35 वर्ष) ने डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग कर इन हस्तियों की छवि धूमिल करने की साजिश रची थी। आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले फेसबुक पर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की थीं। साइबर सेल की तकनीकी जांच और फतेहपुर पुलिस की मुस्तैदी के कारण आरोपी को शनिवार शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद युवक ने अपना अपराध स्वीकार किया और माफी मांगते हुए एक वीडियो भी जारी किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस की सख्त हिदायत;
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आम जनता के लिए कुछ महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। किसी की भी फोटो या वीडियो के साथ छेड़छाड़ करना और उसे वायरल करना आईटी एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। भ्रामक सामग्री को शेयर करना भी आपको मुश्किल में डाल सकता है। सोशल मीडिया का उपयोग समाज की भलाई के लिए करें, न कि किसी के चरित्र हनन के लिए।

Share This Article