भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव जल्द देखने को मिल सकता है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। न्यूज एजेंसी ने पार्टी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक, उनकी नियुक्ति का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किए जाने की संभावना है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया 18 से 20 जनवरी के बीच पूरी होने की संभावना है। यदि नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा, हालांकि 2029 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे आगे बढ़ाए जाने की भी संभावना है। पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 15 जनवरी के बाद देशभर के भाजपा प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाने की योजना है। इससे पहले 2018 में जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और बाद में उन्हें ही स्थायी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी तर्ज पर भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट दाखिल करेंगे, जबकि भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य अलग से उनके पक्ष में नामांकन जमा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक नितिन नबीन के समर्थन में दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर भी होंगे। दावा किया जा रहा है कि नितिन नबीन इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार होंगे। ऐसे में भाजपा के मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण नामांकन की जांच के बाद उनके निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, इस अहम मौके पर भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे संगठनात्मक एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन का संदेश दिया जा सके। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। 45 वर्षीय नबीन वर्ष 2010 से लगातार बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और पार्टी के युवा व प्रभावशाली नेताओं में उनकी गिनती होती है। संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा तेज है। गौरतलब है कि भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल वर्ष 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद से वे विस्तार (एक्सटेंशन) पर इस पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। ऐसे में अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।