सिटी पोस्ट लाइव
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी ने हर जिले में कम से कम एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। मंगलवार को पार्टी की प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने पुष्टि की कि चिराग पासवान ने अपनी इस योजना से एनडीए के शीर्ष नेताओं को अवगत करा दिया है।
संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन सीटों को चिह्नित किया गया, जहां लोजपा (रामविलास) की स्थिति मजबूत है और जहां पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। बैठक में यह भी तय हुआ कि पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। संभावित उम्मीदवारों और विधानसभा क्षेत्रों का चयन कर उसकी सूची को अंतिम रूप देने और उसे केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंपने की जिम्मेदारी हुलास पांडेय को सौंपी गई है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, महासचिव सत्यानंद शर्मा, शाहनवाज अहमद कैफी, शंकर झा, संजय पासवान और प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी सहित अन्य प्रमुख सदस्य मौजूद थे। चिराग पासवान का यह कदम एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर उनकी पार्टी के मजबूत इरादों को दर्शाता है।
‘हम’ भी जारी करेगा घोषणापत्र
दूसरी ओर, एनडीए के एक अन्य सहयोगी दल, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने भी अपने घोषणापत्र को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष सुमन ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में घोषणापत्र जारी कर दिया जाएगा। घोषणापत्र में शामिल प्रमुख बिंदुओं में सभी के लिए समान शिक्षा नीति लागू करना, किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देना और गरीबों को दी गई बासगीत पर्चा के आधार पर जमीन पर कब्जा दिलाना शामिल है।
‘हम’ के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने बताया कि घोषणापत्र में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह और दशरथ मांझी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग भी शामिल की गई है। इस घोषणापत्र का प्रकाशन कर जनता के बीच भी वितरण किया जाएगा।