सिटी पोस्ट लाइव
पटना: दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सचिवालय ने इस बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आलाकमान को सूचित कर दिया है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा में व्यस्त होने के कारण इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इसे एक बड़ा सियासी संकेत माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लगातार संपर्क में हैं और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि उनकी व्यस्तता के चलते वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। नीतीश कुमार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विपक्षी दल इसे सियासी दूरियां बढ़ने का संकेत मान रहे हैं, जबकि जेडीयू इसे मात्र एक शेड्यूलिंग इशू बता रहा है।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में दिल्ली का दौरा किया था, जहां अटकलें लगाई जा रही थीं कि उनकी प्रधानमंत्री से मुलाकात हो सकती है। हालांकि, यह बैठक नहीं हो सकी और मुख्यमंत्री शादी समारोह में शामिल होने के बाद अगले ही दिन पटना लौट आए। इससे पहले भी अपने दिल्ली दौरे के दौरान वे भाजपा नेताओं से मुलाकात नहीं कर पाए थे। इसके अलावा, एनडीए की अहम बैठक में भी मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी देखी गई थी। अब, जब दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता शिरकत करेंगे, ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से अनुपस्थित रहेंगे।