अवैध अतिक्रमण पर चला जिला प्रशासन का बुलडोजर, दुकानदारों में मचा हड़कंप

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
शहर में अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर जिला प्रशासन और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह कार्रवाई मुख्य रूप से बस स्टैंड से लेकर पावर हाउस चौक तक की गई, जहां फुटपाथ और सड़क के किनारे अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और खड़े वाहनों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।

इस दौरान कई दुकानदारों की दुकानों को तोड़ दिया गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पावर हाउस चौक और बस स्टैंड के पास भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, वहीं कई दुकानदारों की आंखों में आंसू देखे गए। लोगों ने जिला प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए ही उनके रोज़गार का सहारा छीन लिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से कहा गया कि दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मजबूरी में यह कार्रवाई करनी पड़ी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सदर एसडीओ और नगर आयुक्त के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी और शहर में बन रही नई फोरलेन सड़क को भी नुकसान हो रहा था। ऐसे में यह आवश्यक हो गया था कि अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। इस कार्रवाई से जहां आम लोग राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं प्रभावित दुकानदारों में गहरी नाराजगी और मायूसी देखी जा रही है।

Share This Article