बिहार में बदलेगी सत्ता, जनता ने ले लिया फैसला बोले तेजस्वी यादव

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता आर. के. सिंह के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर लोकसभा चुनाव हरवाने का आरोप लगाया था। तेजस्वी ने कहा,”यह उनका आंतरिक मामला है, मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन जमीनी सच्चाई यही है कि NDA के सहयोगी दलों में कोई समन्वय नहीं है।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा,”NDA में सिर्फ सौदेबाजी होती है, इन्हें जनता से कोई मतलब नहीं है।” उन्होंने कहा कि बिहार आज भी शिक्षा, रोजगार और विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा,”एक गाड़ी को 15 साल से ज्यादा चलाने की इजाजत नहीं होती, लेकिन कुछ लोग 20 साल से सत्ता पर काबिज हैं और बिहार के लिए कुछ नहीं किया।” 

केंद्र सरकार के बजट को लेकर भी तेजस्वी ने कहा कि बिहार को ठगा गया है। बिहार को न तो कोई विशेष पैकेज मिला और न ही कोई बड़ा निवेश। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार सिर्फ जुमलेबाजी में लगी हुई है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा,”पिछली बार हम चुनाव जीत ही चुके थे, लेकिन गड़बड़ी कर हमें 12,000 वोटों से पीछे कर दिया गया। लेकिन इस बार जनता ने ठान लिया है कि पुरानी सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा और बिहार में नई सरकार बनेगी!” 

जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि “नीतीश कुमार के साथ देवी शक्ति हैं,” तो इस पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी बोले,”यही नीतीश कुमार पहले बीजेपी को लात मारते थे, अब वही लोग उनकी भक्ति कर रहे हैं!” अब देखना दिलचस्प होगा कि बिहार की राजनीति में यह बयानबाजी क्या नया मोड़ लाती है! 

Share This Article