सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में सियासी पारा चढ़ने लगा है और जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम सेक्युलर’ ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पार्टी ने बिहार विधान परिषद सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें पूरे राज्य से पार्टी के विधानसभा प्रभारियों को बुलाया गया। इस बैठक में उन्हें चुनावी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के गुर सिखाए गए।
इस कार्यक्रम में खुद केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन मौजूद थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “आज हमने हमारे सभी प्रभारियों को ट्रेनिंग दी कि कैसे जनता के बीच जाकर काम करना है, और किस तरह एनडीए और पार्टी के लिए अधिक से अधिक सीटें जीतनी हैं।”
जब उनसे तेजस्वी यादव द्वारा आरक्षण बढ़ाने के मुद्दे पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग पर सवाल पूछा गया तो संतोष सुमन ने तीखे लहजे में जवाब दिया “नीतीश कुमार को आरक्षण देने का श्रेय है। वह 20 साल से शासन में हैं, और यह नए-नए लोग आज जन आंदोलन की बात कर रहे हैं। अगर समर्थन है तो करें आंदोलन, किसने रोका है?” संतोष सुमन से जब यह पूछा गया कि ‘हम सेकुलर’ बिहार में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने कहा कि “यह विषय अभी विचाराधीन है, उचित समय पर इस पर फैसला लिया जाएगा।”
‘हम सेकुलर’ ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है और इसको लेकर पार्टी ने सभी विधानसभा प्रभारियों को चुनावी ट्रेनिंग दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने तेजस्वी यादव की आरक्षण बढ़ाने की मांग को ‘राजनीतिक नौटंकी’ करार दिया। वहीं, सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।