बिहार विधानसभा में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने देशवासियों को दी बधाई

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। झंडोत्तोलन के बाद, उन्होंने सभी राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश के शहीदों को याद किया।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि यह आजादी हमें आसानी से नहीं मिली है, बल्कि यह हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा, “हजारों लोगों ने फांसी के फंदे को चूमा, लाखों लोगों ने जेल की यातनाएं सही, और इसमें महात्मा गांधी का योगदान सबसे बड़ा रहा है।” उन्होंने कहा कि हमें उन सभी महान विभूतियों को हमेशा याद रखना चाहिए, जिनके संघर्ष से हमें यह आजादी मिली है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

नंदकिशोर यादव ने इस मौके पर देशवासियों से एक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “जिस तरह से देश के लोगों ने आजादी की सौवीं वर्षगांठ तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, हमें उस लक्ष्य को पूरा करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि देश के सभी नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करना चाहिए, क्योंकि इसी में देश का कल्याण निहित है। इस अवसर पर विधानसभा के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। यह समारोह देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

Share This Article