अध्यक्षजी, सीएम पद पर बयानबाज़ी बंद कराएं, कल दिल्ली में खड़गे से बोलेंगे तेजस्वी यादव

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना:
महागठबंधन के सीएम चेहरे को लेकर कांग्रेस नेताओं और खासकर सांसद पप्पू यादव की ओर से जो बयानबाज़ी की जा रही है उससे राजद के युवराज तेजस्वी यादव बेहद नाराज़ हैं। तेजस्वी यादव बिहार के कांग्रेस नेताओं के इस बयान को कतई गंभीरता से नहीं ले रहे थे कि सीएम कौन बनेगा यह चुनाव के बाद तय होगा, लेकिन जब राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और बड़े कांग्रेस नेता सचिन पायलट पटना में यह बोलकर गए कि बिहार का सीएम कौन बनेगा, यह चुनाव के बाद महागठबंधन की सारी पार्टियां मिलकर तय करेंगी, अभी चुनाव होने दीजिए, तो तेजस्वी यादव भड़क गए हैं, क्योंकि सचिन पायलट बड़े नेता हैं और वे अगर बिहार आकर कुछ बोलकर जाते हैं, तो उसके बड़े मायने होते हैं।

यही वजह है कि तेजस्वी यादव कल दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर बिहार में महागठबंधन के सीएम चेहरे को लेकर बयानबाज़ी तुरंत बंद कराने का आग्रह करेंगे। राजद के सूत्रों ने बताया कि तेजस्वी यादव का स्टैंड यह है कि सीटों की शेयरिंग पर बात करने के लिए तो हम 17 अप्रैल को पटना में कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, बिहार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार, वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी, माले और दूसरी पार्टियों के साथ मीटिंग कर ही रहे हैं, फिर ऐसी बयानबाज़ी कर गठबंधन को कमज़ोर क्यों दिखाया जा रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

17 अप्रैल को पटना में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और अध्यक्ष राजेश कुमार से मुलाकात से पहले तेजस्वी की खड़गे से कल होने जा रही मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। तेजस्वी इस मीटिंग में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को कांग्रेस की ओर से दी जा रही अहमियत का मुद्दा भी उठा सकते हैं, क्योंकि कहा जा रहा है कि तेजस्वी कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में पप्पू यादव को बुलाए जाने और पप्पू यादव के वहां से लौटकर खुद को सीएम पद का दावेदार बताने से बेहद नाराज़ हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे खुद 19 और 20 अप्रैल को बिहार आ रहे हैं। इससे पहले तेजस्वी का दिल्ली में खड़गे से मिलना यूं ही हो रही मुलाकात नहीं हो सकती, क्योंकि खड़गे तो तीन-चार दिन बाद दो दिन के लिए बिहार आ ही रहे थे।

दरअसल, तेजस्वी सीएम चेहरे को लेकर चल रही बयानबाज़ी पर तुरंत रोक लगवाना चाहते हैं और इसीलिए बिना देर किए वे कांग्रेस अध्यक्ष से मिलने जा रहे हैं। अब देखना यह है कि खड़गे और तेजस्वी की मुलाकात के बाद बिहार में महागठबंधन के सीएम चेहरे को लेकर चल रही बयानबाज़ी रुकती है या फिर कांग्रेस नेता यही कहते रहते हैं कि सीएम का चेहरा चुनाव के बाद तय होगा।

Share This Article