जीतन राम मांझी का आरजेडी पर बड़ा हमला: ‘तेजस्वी तो महज कठपुतली हैं, अब पूरी पार्टी ही उनके हवाले कर दी गई’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर हुए संगठनात्मक बदलावों पर तीखा तंज कसा है। पटना में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए मांझी ने तेजस्वी यादव को ‘कठपुतली’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राजद ने अपनी कमान एक ऐसे नेतृत्व के हाथ में सौंपी है जिसका अपना कोई स्वतंत्र आधार नहीं है।

रोहिणी आचार्य के ‘रिमार्क’ को बनाया हथियार
तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि तेजस्वी की स्थिति पार्टी में शुरू से ही एक कठपुतली जैसी रही है। उन्होंने तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य के पिछले बयानों का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए कहा कि जब घर के लोग ही उन्हें ‘कठपुतली’ मानते हैं, तो जनता से क्या उम्मीद की जाए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मांझी ने तेजस्वी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर वे चुनावों में कोई बड़ा चमत्कार करते या अपने दम पर पार्टी का भार संभालते, तो बात अलग थी। लेकिन यहाँ तो पूरी पार्टी को ही एक कठपुतली के हाथों में गिरवी रख दिया गया है।”

गर्ल्स हॉस्टल कांड: ‘नीतीश कुमार न बचाते हैं, न फंसाते हैं’
पटना के चर्चित गर्ल्स हॉस्टल मामले में पुलिस पर साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों पर भी मांझी ने सरकार का बचाव किया। उन्होंने विपक्ष और जनता से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि शुरुआत में स्थिति संदिग्ध जरूर थी, लेकिन अब फोरेंसिक और जांच रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो गई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की न्यायप्रियता का समर्थन करते हुए मांझी ने कहा, “नीतीश जी का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि पिछले 21 वर्षों में उन्होंने न तो कभी किसी निर्दोष को फंसाया है और न ही किसी दोषी को बचाया है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि हॉस्टल मामले में जो भी रसूखदार या अधिकारी दोषी पाया जाएगा, सरकार उसके खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई करेगी जो नजीर बनेगी।

जीतन राम मांझी के इस बयान के बाद बिहार में सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है। एक तरफ जहाँ आरजेडी इसे मांझी की कुंठा बता रही है, वहीं एनडीए खेमा मांझी के इस ‘कठपुतली’ वाले प्रहार को तेजस्वी के नेतृत्व के खिलाफ एक बड़ा विमर्श बनाने की कोशिश में जुटा है।

Share This Article