अब बिहार में चलेगी लग्जरी होटल बस! पर्यटकों को मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट…

Ritu Raj

बिहार में पर्यटन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य पर्यटन विकास निगम जल्द ही ऐसी अत्याधुनिक “कैरावैन बसें” शुरू करने जा रहा है, जो चलते-फिरते लग्जरी होटल का अनुभव देंगी। टीवी, बेड, किचन, म्यूजिक सिस्टम सहित सभी प्रीमियम सुविधाओं से लैस ये मोबाइल होटल न केवल पर्यटकों को सफर के दौरान आरामदायक प्रवास देंगी, बल्कि बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा को भी पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक और यादगार बनाएंगी।

बिहार पर्यटन को नई उड़ान देने के उद्देश्य से बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने दो आधुनिक “कैरावैन बसें” खरीदी हैं, जो अब पटना पहुंच चुकी हैं। औपचारिक प्रक्रियाएँ पूरी होते ही जल्द ही ये लग्जरी बसें आम पर्यटकों के लिए बुकिंग के लिए उपलब्ध हो जाएँगी। इन बसों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सफर के दौरान भी पर्यटकों को एक सितारा होटल जैसा आराम और अनुभव मिल सके। इन कैरावैन बसों में 7 आरामदायक सीटें, 4 स्लीपर बर्थ, पाँच एलईडी टीवी, मिनी किचन और बाथरूम की सुविधा उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को अलग से होटल या रेस्टोरेंट ढूँढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह पूरी तरह से एक चलते-फिरते प्रीमियम होटल जैसा अनुभव प्रदान करती हैं। यात्रियों को जहाँ चाहें वहाँ रुकने और अपनी यात्रा को अपनी पसंद के अनुसार प्लान करने की आज़ादी भी मिलेगी। पर्यटकों के लिए इन कैरावैन को कई विशेष पैकेजों में शामिल किया जाएगा। जैसे बोधगया–नालंदा डे टूर या वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व सफारी। बुकिंग बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की वेबसाइट bstdc.bihar.gov.in या निर्धारित मोबाइल नंबरों के माध्यम से की जा सकेगी। इसके साथ ही किराया भी बेहद आकर्षक रखा गया है। 75 रुपये प्रति किलोमीटर (न्यूनतम 250 किमी), या लगभग 20,000 रुपये प्रतिदिन। वहीं पटना शहर में 12 घंटे और 75 किमी की यात्रा के लिए 11,000 रुपये का विकल्प भी उपलब्ध होगा। इससे न केवल घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि राज्य को करोड़ों का अतिरिक्त राजस्व भी मिलेगा। वहीं, प्रत्येक कैरावैन बस के संचालन से 50–60 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा, यानी अभी दो बसों से ही 100 से अधिक लोगों को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, कुल मिलाकर, ‘कैरावैन’ न सिर्फ खर्च कम करने वाला विकल्प है, बल्कि परिवार के साथ अधिक समय बिताने, आरामदायक यात्रा करने और हर दिन नए पर्यटन स्थल देखने का मौका भी देता है। बिहार के नालंदा, बोधगया, वैशाली, राजगीर सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यह नई सुविधा यात्रियों के अनुभव को और अधिक रोमांचक, सुविधाजनक और यादगार बनाएगी। बिहार पर्यटन को नई गति देने में ‘कैरावैन’ एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share This Article