बिहार कांग्रेस में बड़ा धमाका: शकील अहमद खान ने दिए कार्रवाई के संकेत, क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर गिरेगी गाज!..

Ritu Raj

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने सिटी पोस्ट लाइव को दिए एक इंटरव्यू में पार्टी के अंदर चल रही उठापटक और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर खुलकर बात की।

उन्होंने माना कि कांग्रेस के भीतर कुछ “छोटी-मोटी कार्रवाई” हो सकती है, खासकर उन तीन विधायकों को लेकर जिन्होंने राजद के प्रस्तावित उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं किया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन विधायकों ने अपने-अपने कारण बताए हैं और कई लोग उनके तर्कों से सहमत भी हैं। शकील अहमद खान ने स्पष्ट किया कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। उनके मुताबिक, विधानसभा और संसद में चुने गए प्रतिनिधियों को पार्टी लाइन का पालन करना चाहिए, तभी संगठन में अनुशासन और संरचना बनी रहती है। बीजेपी द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इसके पीछे अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर उम्मीदवार चयन में ओबीसी, ईबीसी या अल्पसंख्यकों को प्राथमिकता दी जाती, तो स्थिति अलग हो सकती थी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर लोग सहमत या असहमत हो सकते हैं और “अगर मन नहीं हो, तो बहाने हजार हो सकते हैं।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने आगे कहा कि एक बार पार्टी का फैसला हो जाने के बाद उसे स्वीकार करना चाहिए। फैसले से पहले असहमति जताई जा सकती थी, लेकिन बाद में अनुशासन जरूरी है। कृष्णा अल्लावरू के “विवेक का इस्तेमाल” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विधायकों ने अपने विवेक का ही इस्तेमाल किया है। इस पूरे घटनाक्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को सबसे ज्यादा राजनीतिक फायदा हुआ है। उन्होंने AIMIM के विधायकों के वोट को “ईमानदारी से दिया गया वोट” बताया। वोटिंग में पैसे के लेन-देन के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित लोगों से ही पूछना बेहतर होगा।

Share This Article