मकर संक्रांति पर सीएम नीतीश कुमार ने चिराग और चेतन आनंद के यहां दही-चूड़ा भोज में लिया भाग, रामविलास पासवान को दी श्रद्धांजलि

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की लोक संस्कृति में मकर संक्रांति के दिन दही-चूड़ा और तिलकुट खाने की परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। इस अवसर पर राजनीतिक दही-चूड़ा भोज का सिलसिला भी लगातार जारी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति के मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरूण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसके बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति के दिन जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। यह आयोजन 12/20-मंत्री एन्क्लेव, गर्दनीबाग, पटना में हुआ। इस मौके पर विधायक चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद लवली आनंद, विधायक श्याम रजक, विधायक रत्नेश सादा, पूर्व सांसद आनंद मोहन समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

इस आयोजन में बिहार की राजनीतिक दुनिया के कई बड़े नामों ने भाग लिया और एक साथ मिलकर मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के लोगों को मकर संक्रांति की बधाई भी दी।

Share This Article