आज से 25 जनवरी तक बदला पटना का ट्रैफिक प्लान, कई सड़कें रहेंगी बंद…

Ritu Raj

राजधानी पटना से एक अहम अपडेट सामने आया है। शहर में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है, जिसके तहत कुछ प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था आज से लागू होकर 25 जनवरी तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलने से पहले बदले हुए ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर ले लें।

दरअसल, पटना मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य के चलते 3 जनवरी से 25 जनवरी तक रूपसपुर फ्लाईओवर के नीचे से दीघा फ्लाईओवर तक नहर रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। यह प्रतिबंध रोजाना सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगा, जिसके दौरान इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन के अनुसार, यह रोक मेट्रो के अंडरग्राउंड टनल निर्माण से जुड़े कार्यों को ध्यान में रखते हुए लगाई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अंडरग्राउंड टनल के निर्माण के लिए बिजली की डबल सर्किट अंडरग्राउंड ट्रांसमिशन लाइन को स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी क्रम में नहर किनारे मोनो पोल लगाए जा रहे हैं। पहले चरण में रूपसपुर नहर से बाएं पाटलिपुत्र स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि दीघा की ओर से पाटलिपुत्र स्टेशन तक यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण में पाटलिपुत्र स्टेशन से दीघा फ्लाईओवर तक वाहनों के परिचालन पर रोक लगेगी। हालांकि, बेली रोड से पाटलिपुत्र स्टेशन तक वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की है। वाहन चालक गोला रोड होकर बेली रोड, दानापुर कैंट के रास्ते सगुना मोड़ या फिर आशियाना–दीघा रोड से बेली रोड का उपयोग कर सकते हैं। उधर, पटना मेट्रो परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर की लंबाई करीब 10.54 किलोमीटर होगी, जिसमें पटना जंक्शन, विद्युत भवन, विकास भवन (सचिवालय), पटना जू, राजाबाजार और रुकनपुरा जैसे अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल हैं। वहीं पाटलिपुत्र, आरपीएस, सगुना मोड़ और दानापुर के पास एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा, खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से जारी तस्वीरों में स्टेशन के जल्द उद्घाटन के संकेत दिए गए हैं। फिलहाल आईएसबीटी से भूतनाथ तक करीब 4.50 किलोमीटर में मेट्रो का परिचालन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भूतनाथ के आगे खेमनीचक और मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन जनवरी के अंत तक संभव हो सकता है।

Share This Article