पूर्णिया में रिकॉर्डतोड़ मतदान: 3 बजे तक 64.22% वोटिंग दर्ज, सात सीटों पर 69 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में कैद

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत आज, मंगलवार 11 नवंबर को पूर्णिया जिले में मतदान उत्साहपूर्वक जारी है। जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में मतदाताओं की बड़ी संख्या देखने को मिल रही है। दोपहर 3 बजे तक पूर्णिया जिले में 64.22 प्रतिशत रिकॉर्ड तोड़ मतदान दर्ज किया गया है। इससे पहले, 1 बजे तक 50 प्रतिशत और 11 बजे तक 33 प्रतिशत मतदान हुआ था।

जिले के अमौर, बायसी, कसबा, बनमनखी, रुपौली, धमदाहा और पूर्णिया सदर विधानसभा क्षेत्रों में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सुरक्षा के कड़े प्रबंध और सीमा सील
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिले में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। सीएपीएफ (CAPF) की 77 कंपनी बल के साथ-साथ दूसरे राज्यों की पुलिस, बिहार सशस्त्र बल और जिला पुलिस बल के जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। सभी बूथों पर अर्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि चुनाव समाप्ति तक अंतरराज्यीय सीमा को सील कर दिया गया है, और किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूर्णिया में प्रतिबंधित है। जिले की सीमाओं पर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने सभी मतदाताओं से भयमुक्त होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय रूप से भाग लेने और शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की है।

20 लाख से अधिक मतदाता, 69 उम्मीदवार मैदान में
जिले के कुल 20,93,212 मतदाता सात विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी मैदान में उतरे 69 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। इनमें रुपौली विधानसभा में सबसे अधिक 15 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि बनमनखी में 5 उम्मीदवार सबसे कम हैं।

पारदर्शी मतदान के लिए सभी 2553 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे लाइव निगरानी संभव हो पाई है। सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों (लेयर) में बांटा गया है ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि 23 अति संवेदनशील और 492 संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं, जिन पर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।

मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मतदान केंद्रों पर दिव्यांग, बुजुर्ग और लाचार मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं दी गई हैं। उन्हें बिना लाइन में लगे मतदान करने की अनुमति है, और सभी केंद्रों पर फोल्डेबल व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, मतदाताओं के लिए मोबाइल रखने की व्यवस्था और पर्दानशीन महिलाओं की जांच के लिए वालेंटियर भी तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर मेडिकल टीम भी तैनात है।

मतदान के लिए वोटर आईडी कार्ड के अलावा आधार कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड सहित कुल 12 वैकल्पिक दस्तावेजों को भी मान्यता दी गई है।

Share This Article