बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताली अंचल अधिकारियों (CO) और राजस्व अधिकारियों को सख्त लहजे में अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि अधिकारी आज, सोमवार (09 फरवरी, 2026) तक अपने कार्यस्थल पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
‘डेडलाइन’ और सख्त चेतावनी;
विजय सिन्हा ने साफ कर दिया है कि काम पर न लौटने वाले अधिकारियों के पास आज आखिरी मौका है। उन्होंने कहा कि सरकार की अपील के बाद बीते शनिवार को कई अधिकारियों ने जिलों में अपना योगदान दिया है, लेकिन जो अब भी अनुपस्थित हैं, उन पर गाज गिरना तय है।
मांगों पर विचार के लिए समिति का गठन;
– तीन सदस्यीय समिति: सरकार ने एक उच्चस्तरीय समिति बनाई है जो शीघ्र ही बैठक करेगी।
– कार्य एवं अधिकार: यह समिति राजस्व अधिकारियों के अधिकारों, उत्तरदायित्वों और कार्यशैली पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर भविष्य के निर्णय लिए जाएंगे।
इन अभियानों पर रहेगा फोकस;
मंत्री ने निर्देश दिया है कि अधिकारी कार्यस्थल पर लौटते ही निम्नलिखित जनहित योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें:-
1) एग्रीस्टैक महाअभियान
2) ई-मापी महाभियान
3) राजस्व महाअभियान
इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि हल्का कर्मचारियों (राजस्व कर्मचारियों) से भी अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और 31 मार्च तक निर्धारित सुधार के लक्ष्यों को प्राप्त करने में जुट जाएं।