सिटी पोस्ट लाइव
बॉलीवुड की सबसे हिट एक्टर-डायरेक्टर जोड़ियों में से एक, रोहित शेट्टी और अजय देवगन एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। दोनों 2026 में अपनी मशहूर कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी “गोलमाल” की पांचवीं किस्त “गोलमाल 5” लेकर लौटने वाले हैं। यह फिल्म दोनों के साथ में 14वीं बार काम करने का मौका होगी।
फिलहाल रोहित शेट्टी मुंबई में जॉन अब्राहम के साथ राकेश मारिया की बायोपिक की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म के पूरा होने के बाद वे “गोलमाल 5” की तैयारी शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग फरवरी या मार्च 2026 में शुरू की जाएगी।
इस बार “गोलमाल 5” के लिए नई लेखकों की टीम लाई जा रही है, जो दर्शकों के लिए एक ताजगी भरा बदलाव हो सकता है। पिछली फिल्मों के लेखक फरहाद सामजी को लेकर दर्शकों की नाराज़गी रही है, खासकर “हाउसफुल 5” और “सिंघम अगेन” जैसी फिल्मों के बाद। ऐसे में नई लेखनी से उम्मीद है कि फिल्म एक नया और मजेदार अनुभव दे पाएगी।
फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े और जॉनी लीवर जैसे पुराने कलाकार भी वापसी करेंगे। हालांकि, रोहित शेट्टी की पिछली कुछ फिल्में जैसे “सर्कस” और “सिंघम अगेन” को दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया, लेकिन “गोलमाल 5” एक मौका हो सकता है अपनी पुरानी चमक वापस पाने का — बशर्ते कहानी में नयापन और हास्य में ताजगी हो।