तेजस्वी को विपक्ष का दर्जा भी नहीं मिलेगा’, बांग्लादेशी घुसपैठियों पर भी बोले शाहनवाज हुसैन

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को इतनी भी सीटें नहीं मिलेंगी कि तेजस्वी यादव को विपक्ष का दर्जा मिल पाए।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की “वोट अधिकार यात्रा” पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपनी यात्राओं में सिर्फ झूठ की बात कर रहे हैं। उनके यहां जो भीड़ दिख रही है, वह सिर्फ उन लोगों की है जिन्हें टिकट लेना है।” उन्होंने आगे कहा कि ये नेता एक-दूसरे के पोस्टर फाड़ रहे हैं, जिससे साफ है कि उनके गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांग्लादेशी घुसपैठियों वाले बयान का समर्थन करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा, “प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही कहा है। हमारे देश में बांग्लादेशियों का क्या काम है? जिनके पास वैध पासपोर्ट है, उनका ठीक है, लेकिन जो गलत तरीके से आए हैं, हम उनकी फिक्र क्यों करें और वे हमारे वोटर क्यों रहेंगे?”

राष्ट्रीय जनता दल के दो विधायकों के सत्ता पक्ष के साथ जाने पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है। उन्होंने कहा, “इंतजार कीजिए, आने वाले दिनों में RJD में पतझड़ लगेगा।” उन्होंने तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि “जाने दीजिए, सरकार हम ही बनाएंगे”, पर पलटवार करते हुए कहा, “पिछली बार भी ये लोग सरकार बना रहे थे, क्या हुआ?”

Share This Article