सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एक इंजन अपराध में लिप्त है, जबकि दूसरा भ्रष्टाचार में। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह सरकार जवाबदेही से भागती है और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती है।
यादव ने केंद्रीय एजेंसियों – सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स – के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये एजेंसियां केवल विपक्षी नेताओं के लिए बनी हैं। “जो बीजेपी के साथ रहेगा वो ‘हरिश्चंद्र’ हो जाता है, उसका पाप धुल जाता है,” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा।
तेजस्वी यादव ने हाल ही में हुई एनडीए की बैठक में विजय सिन्हा और अशोक चौधरी के बीच हुई कथित बहस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “वो बोला तुम इतना कमा लिए, तुम इतना कमा लिए, तुम लूट लिया तुम लूट लिया। जब एक मंत्री और डिप्टी सीएम आपस में ही एक दूसरे पर आरोप लगा रहा हो तो सोचिए कि कितना लूट मचा हुआ है बिहार में।”
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य में फैले भ्रष्टाचार और अपराध पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने दावा किया कि ब्लॉक और थानों में बिना घूस दिए कोई काम नहीं होता। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का तांडव जारी है और अपराधी अब “विजय और सम्राट” हो गए हैं, जो राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।