सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने उन पर वोटर लिस्ट में दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में नाम होने का आरोप लगाया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री का नाम बांकीपुर और लखीसराय दोनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में शामिल है, और दोनों के लिए अलग-अलग EPIC नंबर भी जारी किए गए हैं।
तेजस्वी यादव ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा 1 अगस्त को जारी किए गए वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के बाद यह जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा, “यह सीधे तौर पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा है। एक व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कैसे हो सकता है? इसका सीधा मतलब है कि उन्होंने दो अलग-अलग गणना प्रपत्र भरे हैं।”
नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग और उपमुख्यमंत्री दोनों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर उपमुख्यमंत्री ने किसी एक जगह पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, तो यह सीधे तौर पर चुनाव आयोग की गड़बड़ी है, जिस पर हम लगातार आरोप लगाते रहे हैं। चुनाव आयोग को इस पर जवाब देना होगा।” उन्होंने आगे कहा कि अगर उपमुख्यमंत्री ने खुद ऐसा किया है, तो उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने दो अलग-अलग जगहों पर अपना नाम क्यों दर्ज करवाया।
तेजस्वी यादव ने इस पूरे मामले को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह वोटिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।