बिहार में BJP नेता की हत्या से राजनीति गरमाई, सम्राट चौधरी पर हमलावर हुई RJD…

Ritu Raj

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बुधवार (24 दिसंबर 2025) को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अपराधियों को कड़ी चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद समस्तीपुर में बीजेपी नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद विपक्ष ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए सम्राट चौधरी को सीधे निशाने पर ले लिया है।

बीजेपी नेता रूपक सहनी की हत्या को लेकर सियासत और तेज हो गई है। गुरुवार (25 दिसंबर, 2025) को आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम लोग भगवान भरोसे जीने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार अपने ही सहयोगी दल के नेता को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कैसे दे सकती है। वहीं, आरजेडी के आरोपों पर बीजेपी ने भी कड़ा जवाब दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने समस्तीपुर में हुई इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने विपक्ष से इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न करने की अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की कोई कमी नहीं है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, फिलहाल इस घटना को लेकर सियासत जरूर तेज हो गई है, लेकिन असली परीक्षा अब कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर होगी। उपमुख्यमंत्री द्वारा अपराध पर नियंत्रण को लेकर किए गए दावों के बीच यह देखना अहम होगा कि आने वाले तीन महीनों में सरकार अपराधियों पर कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाती है। बिहार में अभया ब्रिगेड के गठन को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि समस्तीपुर में जिस बीजेपी नेता की हत्या हुई है, वे पंचायत अध्यक्ष भी थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। अब नजर इस बात पर टिकी है कि जांच कब तक पूरी होती है और दोषियों को कब सजा के कठघरे तक पहुंचाया जाता है।

Share This Article