सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने एक प्रेस वार्ता में कई अहम राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से राय रखी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर तंज कसते हुए उन्हें राजनीतिक रणनीति का हिस्सा करार दिया।
राहुल गांधी का “चुनाव फिक्सिंग” बयान महज रणनीति?
राहुल गांधी के इस बयान पर कि “महाराष्ट्र में चुनाव फिक्स था और बिहार में भी ऐसा हो सकता है”, उपेंद्र कुशवाहा ने कहा: “उनको पता है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा, इसलिए पहले से ही मंच तैयार कर रहे हैं। दो-चार बार कहेंगे कि फिक्स है, ताकि हारने के बाद कह सकें देखो, हमने पहले ही कहा था।” उन्होंने इसे पूर्व-निर्धारित हार की मानसिक तैयारी और जनता को भ्रमित करने की कोशिश बताया।
राहुल गाँधी के बयान “ट्रंप ने फोन किया और नरेंद्र मोदी ने सरेंडर कर दिया?” इस विवादास्पद टिप्पणी पर कुशवाहा ने कहा: “देश और सेना के सम्मान से जुड़े विषयों को संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। जो हुआ है, दुनिया जानती है, देश जानता है कि सीजफायर कैसे हुआ।” उन्होंने ऐसे बयानों को गैर-जिम्मेदाराना और राष्ट्रहित के खिलाफ बताया।
“राहुल गांधी का दलित प्रेम सिर्फ दिखावा” कुशवाहा ने राहुल गांधी के दलित प्रेम को राजनीतिक दिखावा बताया और कहा “आजादी के बाद दलितों ने लगातार कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन उन्होंने दलितों के लिए क्या किया? जब सत्ता में थे, तब कुछ नहीं किया। अब सत्ता से बाहर हैं तो दलितों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।”
बिहार को ‘क्राइम कैपिटल’ कहने पर करारा जवाब राहुल गांधी के उस बयान पर कि “बिहार आज क्राइम कैपिटल बन गया है”, कुशवाहा ने कटाक्ष करते हुए कहा “जो मन में आता है, बोल देते हैं। उन्हें न बिहार की सही जानकारी है, न जमीनी हकीकत का अनुभव। कोई कुछ बता देता है, तो वही बोल कर चले जाते हैं।” उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल गांधी के बयानों को राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया और कहा कि ऐसे वक्तव्यों से जनता भ्रमित नहीं होगी। उन्होंने बिहार में एनडीए की एकजुटता पर भरोसा जताया और सामाजिक घटनाओं पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की।
NDA में खींचतान के सवाल पर सफाई एनडीए में आपसी खींचतान को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा: “कोई खींचतान नहीं है, मीडिया तिल का ताड़ बना देती है। ये सब रणनीति बनाने की प्रक्रिया है, जिससे आगे की गलतियों से बचा जा सके।”