मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बुधवार, 28 नवंबर को सरकार प्रदेश की 10 लाख महिलाओं को बड़ी राहत देने जा रही है। उनके बैंक खातों में 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि DBT के जरिए भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं ट्रांसफर प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे, जहाँ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
दरअसल, इस बार राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं में ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 9 लाख 50 हजार और शहरी क्षेत्रों की करीब 50 हजार महिलाएँ शामिल हैं, जो सभी जीविका समूह से जुड़ी हुई हैं। इन समूहों को इससे पहले भी सरकार की ओर से प्रशिक्षण और आर्थिक गतिविधियों के लिए सहायता मिल चुकी है। सरकार के मुताबिक, महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की सहायता दी जा चुकी है, और अब 10 लाख नई लाभार्थियों को भी यह लाभ दिया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में आवेदन ऑनलाइन लिए गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर ऑफलाइन फॉर्म भरे गए। प्राथमिकता उन महिलाओं को दी गई है, जो पहले से जीविका समूह की गतिविधियों में सक्रिय हैं। हाल ही में जीविका संगठन से जुड़ी लगभग 13 लाख महिलाओं ने भी ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनकी जांच जारी है और उन्हें भी अगले चरणों में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना न केवल आर्थिक मदद का माध्यम है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने का एक मजबूत आधार भी बन चुकी है। 10 हजार रुपए की यह सहायता राशि स्वयं सहायता समूहों के जरिये महिलाओं को छोटे रोजगार शुरू करने, आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने की दिशा में प्रोत्साहित कर रही है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले चरणों में राशि वितरण और व्यापक होगा, जिससे महिला सशक्तिकरण की गति और तेज होगी।