सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में पिछले 24 घंटे के भीतर चार घटनाओं में कम से कम नौ लोगों की हत्या कर दी गई. ये हत्याएं पूर्णिया, नालंदा, मुजफ्फरपुर और पटना जिलों में हुईं. बिहार के पूर्णिया के मुफस्सिल थाना के रजीगंज पंचायत के टेटगमा से एक बड़ी अपराधिक वारदात की खबर सामने आ रही है. टेटगमा में डायन बताकर एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई है.खबर के अनुसार पहले पीट-पीटकर मार डाला गया.फिर उन्हें जलाकर शव को गायब कर दिया गया. पुलिस शव की खोज में जुटी है.
इस वारदात ने लोगों को हिलाकर रख दिया है. एसपी, एएसपी समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है. मारे गए लोगों में बाबूलाल उरांव, उनकी पत्नी सीता देवी, मां कातो मसोमात, बेटा मनजीत उरांव और बहु रानी देवी शामिल हैं. इनकी हत्या डायन के आरोप में की गई. गांव के ढाई सौ से अधिक लोगों ने इन्हें घेरकर मार डाला.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है. पुलिस ने तांत्रिक नकुल उरांव समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. पूछताछ चल रही है.लेकिन अभीतक शव वरामद नहीं हुए हैं. दिल दहला देनेवाली ये वारदात मुफस्सिल थाना के रजीगंज पंचायत के टेटगमा की है.एक दिन में हुई 9 लोगों की हत्या को लेकर सुशासन पर सवाल खड़े होने लगे हैं.विपक्ष 9 जुलाई को बिहार बंद करने जा रहा है.ठीक उससे पहले 9 लोगों की हत्या ने सरकार को हिलाकर रख दिया है.