गोपालगंज मीरगंज में 8 वर्षीय किशोर की अपहरण के बाद हत्या, इलाके में तनाव

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में 8 वर्षीय बिट्टू कुमार की अपहरण के बाद निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह गांव के पास झरही के समीप बिट्टू का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, बिट्टू कुमार 7 जून की रात गांव में आई एक बारात में खाना खाने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों और पुलिस ने लगातार उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने झरही के पास एक शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और पुलिस अधीक्षक (SP) को बुलाने की मांग पर अड़ गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालात की गंभीरता को देखते हुए हथुआ, श्रीपुर, फुलवरिया सहित कई थानों की पुलिस को घटनास्थल पर बुलाया गया। हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने पर सहमत हुए।

पुलिस ने बताया कि एफएसएल (Forensic Science Laboratory) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग सदमे में हैं। पुलिस अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है।

Share This Article