मोकामा के नौरंगा जलालपुर गांव से गैंगस्टर सोनू का एक कथित ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह एक कॉन्स्टेबल से बातचीत करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाता सुनाई दे रहा है। हालांकि, ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दरअसल, इस बातचीत में सोनू कहता है कि वह नियमित रूप से पंचमहला थाना के SHO कुंदन कुमार को 50 हजार से 1 लाख रुपए तक पहुंचाता रहा है, इसके बावजूद पुलिस उसकी गाड़ियों और लोगों पर कार्रवाई कर रही है। वह यह भी दावा करता है कि इन पैसों के बदले उसके गिरोह को इलाके में अवैध गतिविधियों की छूट मिली थी। सोनू बातचीत के दौरान अनंत सिंह का नाम भी लेता है। उसका आरोप है कि अनंत सिंह के कहने पर ही पुलिस उस पर दबाव बना रही है और उसे एक मामले में गवाही न देने के लिए डराया जा रहा है। वह यह भी कहता है कि पुलिस और अनंत सिंह मिलकर उसे निशाना बना रहे हैं। ऑडियो में सोनू कॉन्स्टेबल रंजीत से यह भी कहता है कि उसने उसी के जरिए SHO तक पैसे पहुंचाए हैं और उसके पास इसके वीडियो सबूत भी मौजूद हैं। वह इन सबूतों को वायरल करने की धमकी देता है। साथ ही आरोप लगाता है कि पैसे लेने के बावजूद पुलिस ने उसकी जेसीबी जब्त कर ली और उसके लोगों को झूठे आर्म्स केस में फंसा दिया।

सोनू यह भी दावा करता है कि थाना प्रभारी ने उसके पिता को धमकाया और उन पर पिस्तौल तान दी। बातचीत में वह कसम खाते हुए कहता है कि अगर उसने ऑडियो-वीडियो जारी कर दिए, तो संबंधित अधिकारी बर्बाद हो जाएंगे। वहीं, एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने कहा है कि एक ऑडियो वायरल होने की सूचना मिली है, जिसमें पैसे के लेन-देन और हालिया मामले को लेकर बातचीत हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑडियो की सत्यता की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी सोनू का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देता नजर आया था और उसमें भी उसने अनंत सिंह का नाम लिया था।
नौरंगा गोलीकांड क्या था?
22 जनवरी 2025 को नौरंगा गांव में अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। बताया जाता है कि विवाद एक ईंट-भट्ठे के मुंशी से पैसे के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था। अनंत सिंह का कहना था कि उनके लोग समझौता कराने गए थे, लेकिन सोनू-मोनू ने फायरिंग कर दी। वहीं ग्रामीणों का दावा था कि दोनों पक्षों की ओर से गोलियां चली थीं। इस पूरे मामले को लेकर इलाके में पहले से ही तनाव बना हुआ है, और अब इस नए कथित ऑडियो ने विवाद को और बढ़ा दिया है।