नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, बेगूसराय में 50 हजार का इनामी नक्सली ढेर…

Ritu Raj

बिहार के बेगूसराय जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी नक्सली मारा गया है। पुलिस ने गुरुवार को इस कार्रवाई की पुष्टि की।

पुलिस के अनुसार, मारा गया नक्सली प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की उत्तर बिहार केंद्रीय जोनल कमेटी का सचिव दयानंद मलाकार उर्फ छोटू था। इस मुठभेड़ के दौरान उसके दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) द्वारा जारी बयान में बताया गया कि दयानंद मलाकार 14 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था। बुधवार शाम बेगूसराय के तेघड़ा इलाके में एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को उसके छिपे होने की सूचना मिली थी। वहीं, सूचना के आधार पर जब सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे तो पुलिस को देखते ही नक्सली भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जबकि उसके दोनों सहयोगियों को पकड़ लिया गया। घायल अवस्था में उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की खबर नहीं है। घटनास्थल से एक 5.56 एमएम इंसास राइफल, एक देसी पिस्तौल, 25 जिंदा कारतूस और 15 खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनामी नक्सली दयानंद मलाकार उत्तर बिहार में हुई कई नक्सली घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभा चुका था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था।

Share This Article