सिटी पोस्ट लाइव
मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के माताडीह पंचायत अंतर्गत निमियाटांड़ गांव में रविवार देर रात एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। करोड़ों की लागत से बन रहे पंचायत भवन में बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ मारपीट की और 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। विरोध की स्थिति में बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए।
मजदूरों के अनुसार, रविवार की रात करीब 11 बजे जब सभी मजदूर पंचायत भवन परिसर में सो रहे थे, तभी चार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी और धमकाते हुए कहा कि ठेकेदार से कहो कि वह 5 लाख रुपये की रंगदारी दे, तभी निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। ऐसा नहीं करने पर काम रोक देना होगा। इसके बाद बदमाशों ने आधा दर्जन राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।

सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं और मजदूरों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
निर्माण कार्य का जिम्मा संभाल रही एजेंसी के मालिक अजीत कुमार ने बताया कि उन्हें मजदूरों से इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर धरहरा थाना में लिखित आवेदन दे दिया गया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इस घटना को आपराधिक रंगदारी गिरोह से जोड़कर देख रही है और जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है