महिला ने साथ ले गए जमीन के कागजात और जेवरात, पति की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के नवादा जिले में एक दिलचस्प और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने तीन बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला ने न केवल अपने पति को छोड़ दिया, बल्कि घर में रखे कीमती सामान, जैसे कि जमीन के कागजात और सोने-चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गई। पति गोविंद कुमार की शिकायत पर मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज की गई है।
यह घटना समाय गांव की है, जहां गोविंद कुमार की शादी सपना कुमारी से 12 जुलाई 2016 को हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं – 8 वर्षीय शिवानी कुमारी, 6 वर्षीय सौम्या कुमारी और 2 वर्षीय अमन कुमार।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक ने गोविंद को फोन कर बताया कि उनकी पत्नी किसी युवक से मिलती है और वह युवक उनके घर के कमरे में रातभर ठहरता है। इस पर गोविंद ने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह मद्रास से नवादा लौटे तो पत्नी घर से गायब थी। गोविंद को एक तस्वीर मिली, जिसमें उनकी पत्नी किसी युवक के साथ दिखाई दे रही थी।
गोविंद का आरोप है कि उनकी पत्नी डॉक्टर पंकज कुमार नामक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उसे ही लेकर फरार हो गई। महिला साथ में करोड़ों की कीमत वाली जमीन के कागजात, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान भी ले गई है। हालांकि जब पंकज कुमार से इस मामले पर बातचीत की गई तो उन्होंने इस तस्वीर को गलत बताते हुए कहा कि उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि गोविंद द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस महिला और उसके प्रेमी की तलाश कर रही है।