समस्तीपुर में देवर ने बेरहमी से की भाभी की हत्या, धारदार हथियार से काटा गला, आरोपी फरार

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर वार्ड 9 में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी की नृशंस हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी बदल पासवान ने अपनी भाभी बीना देवी से पांच हजार रुपये की मांग की थी, जो न मिलने पर उसने पहले उनकी पिटाई की और फिर तेज धारदार हथियार से गला काटकर उनकी जान ले ली।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पांच हजार रुपये के लिए गई जान

मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे की है जब बीना देवी अपने घर पर कपड़े धो रही थीं। तभी उनका देवर बदल पासवान वहां पहुंचा और उनसे बाहर काम करने जाने के लिए पांच हजार रुपये की मांग करने लगा। जब बीना देवी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने पहले उनके बाल पकड़कर उन्हें बेरहमी से पीटा। इस दौरान महिला मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी ने तेज धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया।

मृतका के पति ने किया बड़ा खुलासा

मृतका के पति धर्मेंद्र पासवान ने बताया कि उनका भाई बदल पासवान काफी हिंसक स्वभाव का था। वह अक्सर उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करता था और मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि बदल पासवान पहले भी तीन बार शादी कर चुका था, लेकिन हर बार अपनी पत्नियों के साथ मारपीट कर उन्हें घर से भगा दिया। वह घर पर ही रहता था और कोई काम-धंधा नहीं करता था। धर्मेंद्र पासवान ने कहा, “मेरी पत्नी ही उसे खाना बनाकर खिलाती थी, लेकिन उसने उसी पत्नी की हत्या कर दी।”

जांच में जुटी पुलिस, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मौके से खून से सना हथियार भी बरामद किया है। लेकिन आरोपी घटना के बाद से ही फरार है।

परिवार में मातम, गांव में सनसनी

इस मामले को लेकर सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की गला काटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस निर्मम हत्या के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजन सदमे में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से सहमे हुए हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Share This Article