सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सहरसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सदर थाना क्षेत्र के आई.डी. सिंह चौक के पास एक अर्धनिर्मित मकान के सामने गिट्टी पर नवजात बच्ची का शव मिला। घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
यह घटना उस वक्त सामने आई जब एक स्थानीय व्यक्ति इलाज के लिए अस्पताल जा रहा था। रास्ते में उसकी नजर गिट्टी पर पड़े नवजात के शव पर पड़ी। उसने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि शव महज एक दिन की बच्ची का लग रहा था।
इलाके के एक निजी अस्पताल के संचालक ने संभावना जताई कि संभवतः किसी कुत्ते ने यह शव किसी अन्य जगह से उठाकर वहां लाकर डाल दिया हो। हालांकि, यह महज एक आशंका है, जिससे पुलिस ने भी अभी तक पुष्टि नहीं की है।
लेकिन सवाल यह है कि इतनी घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह एक नवजात का शव मिलने का मतलब क्या है? क्या यह मृत जन्म है, किसी अवैध प्रसव का परिणाम है या फिर किसी और गंभीर अपराध की शुरुआत? शव की सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारी को मौके पर भेजा। फॉरेंसिक और चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।