सिटी पोस्ट लाइव
आरा। जन सुराज के प्रदेश महासचिव किशोर कुमार मुन्ना ने आरा का दौरा किया और संगठन को मजबूती देने के लिए जिले के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष अभय सिंह, महिला अध्यक्ष पदमा ओझा, संगठन महासचिव शिवशंकर सिंह, युवा अध्यक्ष सोनू पासवान, नगर युवा अध्यक्ष राहुल सिंह, जगदीशपुर अनुमंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, किसान अध्यक्ष अवध सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सभी पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान जन सुराज उद्घोष यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। चार दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आम जनता से संवाद स्थापित करना और पार्टी के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
प्रदेश महासचिव किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि 11 अप्रैल को पटना में होने वाली बैठक में भोजपुर जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत और जनहितकारी सरकार बनाना है, जिसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
बैठक में आगामी चुनावों में पार्टी की भूमिका, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और रणनीतिक मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। पार्टी नेताओं ने भरोसा जताया कि भोजपुर जिले में जन सुराज अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगा और जनता के बीच अपनी विचारधारा को मजबूती से स्थापित करेगा।