सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी। मोतिहारी में “कौशिक फाउंडेशन” और “टीम दिव्यांशु भारद्वाज” द्वारा आयोजित “खेल महोत्सव” के अंतर्गत “खेलो मोतिहारी” कार्यक्रम का शानदार उद्घाटन हुआ। इस शुभारंभ समारोह में बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा, मोतिहारी नगर निगम के आयुक्त सौरभ सुमन और दिव्यांशु भारद्वाज समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विभिन्न खेल स्पर्धाओं और प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

“खेलो मोतिहारी” कार्यक्रम का आयोजन 28 फरवरी से 9 मार्च 2025 तक किया जा रहा है, जिसमें शहर के युवा क्रिकेट, मैराथन, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, शतरंज और बॉलीवुड जैसे कई खेलों में भाग ले रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 2 घंटे खेल के मैदान में बिताना चाहिए। मुख्यमंत्री का सपना है कि बिहार के युवा खेलों में अग्रणी बनें, और इसी दिशा में राजगीर खेल परिसर की स्थापना की गई है।
– शिशिर सिन्हा, कुलपति
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस आधुनिक खेल परिसर का लाभ उठाकर अपने कौशल को निखारें और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।
